Samachar Post रिपोर्टर, रांची : लोहरदगा-रांची रेल लाइन पर बुधवार सुबह एक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना कैरो थाना क्षेत्र के नगजुआ रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां एक अधेड़ व्यक्ति MEMU पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के डूमरटोली गांव निवासी सन्नी उरांव के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय लखवा उरांव के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रांची जाने के दौरान हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, सन्नी उरांव बुधवार सुबह नगजुआ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह पैसेंजर ट्रेन से रांची जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सन्नी उरांव ट्रेन की चपेट में किन परिस्थितियों में आए।
हादसे की वजह की जांच में जुटी जीआरपी
जीआरपी घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा पैर फिसलने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



















