Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : जिले के मंडरो प्रखंड की दामिनभीठा पंचायत के तेतरिया पहाड़ स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। मंगलवार को पंचायत समिति सदस्य सुरेश पहाड़िया पंचायत भ्रमण के दौरान सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल पहुंचे। इस दौरान विद्यालय पूरी तरह बंद मिला। आरोप है कि स्कूल में पदस्थापित शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
नियमित स्कूल नहीं खुलने से बच्चों को परेशानी
स्कूल बंद मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य ने आसपास मौजूद बच्चों से जानकारी ली। बताया गया कि बच्चे स्कूल के शिक्षक का नाम तक नहीं बता पाए। बच्चों ने यह भी बताया कि विद्यालय नियमित रूप से नहीं खुलता है। इसके कारण उन्हें मध्याह्न भोजन का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। विद्यालय परिसर के आसपास गंदगी फैली होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में पहाड़िया आदिम जनजाति के बच्चों के लिए संचालित इस स्कूल की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिक्षक और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
पंचायत समिति सदस्य सुरेश पहाड़िया ने मामले में लापरवाही बरतने वाले शिक्षक के साथ संकुल के सीआरपी और संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जिले के उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य वरीय अधिकारियों को दी जाएगी। अब देखना होगा कि स्कूल के नियमित संचालन और बच्चों को शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।



















