Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े मामले में बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति दीपक रोशन की एकलपीठ में होगी। पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रार्थियों को 10 दिनों के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक जवाब दाखिल नहीं किए जाने की बात सामने आई है।
राज्य सरकार ने दाखिल किया काउंटर एफिडेविट
पिछली सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से मामले में काउंटर एफिडेविट दाखिल किया गया था। इसके बाद अदालत ने प्रार्थियों को अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया था। अब बुधवार की सुनवाई में इस बात पर नजर रहेगी कि प्रार्थियों की ओर से जवाब दाखिल किया गया है या नहीं।
जांच की मॉनिटरिंग के लिए रिटायर जस्टिस नियुक्त
JSSC-CGL समेत परीक्षा से जुड़े मामले की जांच की मॉनिटरिंग के लिए रिटायर जस्टिस गौतम कुमार चौधरी को नियुक्त किया गया है। वहीं, जांच की प्रक्रिया के लिए आईपीएस अधिकारी आरके मल्लिक को नोडल हेड ऑफिसर बनाया गया है। बुधवार को होने वाली सुनवाई में हाईकोर्ट मामले में आगे की कार्रवाई और प्रार्थियों की ओर से जवाब दाखिल किए जाने की स्थिति पर विचार करेगा।





















