- हथियार बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश, दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली
Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के जंगल में बुधवार तड़के पुलिस और दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए मोहन यादव और अजीत मंडल इस दौरान घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उन्होंने फायरिंग में इस्तेमाल हथियार मरीन ड्राइव के जंगल में छिपाए जाने की जानकारी दी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम उन्हें लेकर हथियार बरामद करने पहुंची थी।
पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए आरोपी
पुलिस का दावा है कि जंगल में पहुंचने के बाद आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर एक जवान की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों वहां से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मौके से दो पिस्टल भी बरामद किए जाने की बात कही गई है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
26 सितंबर को बिंदल मॉल में हुई थी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के एक रेस्टोरेंट में बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना में चार लोग घायल हुए थे। फायरिंग की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस पहले ही एक साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, तीन शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान मोहन यादव और अजीत मंडल को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिले और फायरिंग की साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही।




















