Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : MGM मेडिकल कॉलेज में नए MBBS छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए गए 17 छात्रों को हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और 15 दिनों के लिए शैक्षणिक गतिविधियों से प्रतिबंधित किया गया है। इस अवधि में संबंधित छात्र कॉलेज की किसी भी शैक्षणिक या अन्य गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि छात्रों को अगले आदेश तक निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करना होगा।
2024 बैच के 14 और 2025 बैच के 3 छात्र दोषी
सोमवार देर शाम प्राचार्य की अध्यक्षता में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में CCTV फुटेज समेत जांच के दौरान जुटाए गए अन्य साक्ष्यों की समीक्षा की गई। इसके बाद 17 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया गया। कार्रवाई की जद में 2024 बैच के 14 और 2025 बैच के 3 छात्र शामिल हैं। कॉलेज प्रशासन मंगलवार तक सभी संबंधित छात्रों को कार्रवाई से संबंधित पत्र सौंपेगा।
CCTV फुटेज से हुई छात्रों की पहचान
रैगिंग का मामला 27 और 30 सितंबर को सामने आया था। नए MBBS छात्रों ने रैगिंग की शिकायत कॉलेज प्रशासन से की थी। शिकायत के बाद शनिवार को SDM की मौजूदगी में मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कॉलेज परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर रैगिंग में शामिल छात्रों की पहचान की गई। इसके बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने सोमवार को उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा कर दोष तय किया और सजा निर्धारित की। कार्रवाई से पहले संबंधित छात्रों के अभिभावकों को भी कॉलेज बुलाया गया था। हालांकि, बैठक में किसी भी छात्र के अभिभावक के पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है।
सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई समीक्षा
रैगिंग की घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है। कॉलेज प्रशासन ने घटना के समय तैनात तीन होमगार्ड जवानों को हटा दिया है। उनकी जगह नए जवानों की तैनाती की गई है। कॉलेज प्रशासन की इस कार्रवाई को रैगिंग के खिलाफ सख्त कदम के तौर पर देखा जा रहा है।






















