Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जितिया पर्व के दौरान शनिवार शाम सुवर्णरेखा नदी में डूबी मानगो के समता नगर निवासी पूनम कुमारी का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। गांधी घाट के पास स्नान करने के दौरान 14 वर्षीय पूनम तेज बहाव में बह गई थी। स्थानीय गोताखोरों ने करीब सुबह 9:30 बजे नदी से उसका शव खोज निकाला। बेटी का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घाट पर चीख-पुकार मच गई। मां रेखा कुमारी बेटी का शव देखकर बदहवास हो गईं। परिजनों ने उन्हें संभाला। वहीं, पिता संतोष ठाकुर का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा।
बड़ी बहन के साथ नदी में नहाने गई थी पूनम
शनिवार शाम जितिया पर्व के मौके पर पूनम अपनी बड़ी बहन ज्योति कुमारी के साथ गांधी घाट पर सुवर्णरेखा नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान दोनों बहनें नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं और बहने लगीं। दोनों को डूबता देख उनकी मां ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग नदी में उतरे और दोनों को बचाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की मदद से ज्योति को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पूनम तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में चली गई।
अंधेरा होने पर रोकना पड़ा तलाशी अभियान
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों ने शनिवार शाम नदी में पूनम की तलाश शुरू की। हालांकि, अंधेरा बढ़ने और नदी के तेज बहाव के कारण देर शाम तलाशी अभियान रोकना पड़ा। बच्ची के नहीं मिलने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग को लेकर मानगो पुल पर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम किया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। इसके बाद जाम हटाया गया।
रविवार सुबह गोताखोरों ने बरामद किया शव
रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने एक बार फिर नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 9:30 बजे उन्हें पूनम का शव मिल गया। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पूनम के पिता संतोष ठाकुर ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते प्रशासन की ओर से बचाव अभियान शुरू कराया जाता, तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। यह परिवार का आरोप है।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने परिवार से की मुलाकात
घटना के अगले दिन रविवार सुबह पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सुवर्णरेखा घाट पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने बच्ची की तलाश में नदी में उतरे स्थानीय गोताखोरों को आर्थिक सहयोग भी किया। बन्ना गुप्ता ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ हैं।






















