Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कांके रोड स्थित न्यू पुलिस लाइन में रविवार को रांची पुलिस के जवानों के लिए हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। पैनेसिया सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल और रांची पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में लगाए गए इस कैंप में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य जांच कराई। पुलिसकर्मियों की व्यस्त और तनावपूर्ण ड्यूटी को देखते हुए उनकी सेहत पर विशेष ध्यान देने के उद्देश्य से यह पहल की गई। SSP राकेश रंजन की पहल पर पैनेसिया सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने न्यू पुलिस लाइन पहुंचकर जवानों की स्वास्थ्य जांच की।
सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला कैंप
हेल्थ चेकअप कैंप सुबह 9 बजे शुरू हुआ और दोपहर 3 बजे तक चला। इस दौरान पुलिसकर्मियों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद जवानों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार जरूरी सलाह भी दी। कैंप में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, मस्तिष्क और कान से संबंधित बीमारियों की जांच की गई। सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं वाले पुलिसकर्मियों को चिकित्सकों ने मौके पर ही आवश्यक दवाएं लिखीं और स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। वहीं, जिन पुलिसकर्मियों में किसी जटिल स्वास्थ्य समस्या के संकेत मिले, उन्हें अस्पताल पहुंचकर विस्तृत जांच कराने की सलाह दी गई।

तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच सेहत का ध्यान रखने की सलाह
पुलिस की नौकरी में लगातार ड्यूटी, भागदौड़ और तनाव के कारण कई जवान नियमित रूप से अपनी सेहत पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम करने और जीवनशैली में जरूरी बदलाव लाने की सलाह दी। कैंप के दौरान चिकित्सकों ने विशेष रूप से ब्लड प्रेशर और तनाव से जुड़ी समस्याओं को लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने की सलाह दी।





















