मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जामताड़ा में बीट पुलिसिंग की शुरुआत, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पर रहेगा फोकस

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने के लिए बीट पुलिसिंग व्यवस्था की शुरुआत की गई है। बड़े शहरों की तर्ज पर अब शहर के अलग-अलग मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सीधी निगरानी रहेगी। रविवार को जामताड़ा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बीट पुलिसिंग व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, आम लोगों और व्यापारियों की सुरक्षा, प्रो-एक्टिव पुलिसिंग और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

पुलिस और जनता के बीच मजबूत होगा संवाद

उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। बीट पुलिसिंग से पुलिस और आम लोगों के बीच सीधा संपर्क बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी। एसपी शम्भु कुमार सिंह ने बताया कि बीट पुलिसिंग की सभी टीमों की सीधी मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक कार्यालय से की जाएगी। इससे संबंधित क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियों और कार्रवाई पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष फोकस

बीट पुलिसिंग के तहत महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों के आसपास पुलिस की गश्त और सक्रियता बढ़ाई जाएगी। इसका उद्देश्य छेड़खानी जैसी घटनाओं पर प्रभावी तरीके से रोक लगाना है। इसके अलावा बैंक, एटीएम, सर्राफा बाजार और अन्य ऐसे व्यापारिक इलाकों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी, जहां नकदी का लेनदेन अधिक होता है।

बीट का CUG नंबर नहीं बदलेगा

व्यवस्था के तहत प्रत्येक बीट अधिकारी के लिए CUG मोबाइल नंबर निर्धारित किया गया है। पुलिस अधिकारी के तबादले के बावजूद संबंधित बीट का हेल्पलाइन नंबर नहीं बदलेगा। प्रमुख चौराहों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे बैनर लगाए जाएंगे, जिनमें बीट का नाम, क्षेत्र और संबंधित पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर दर्ज होंगे। इससे आम नागरिक, व्यापारी और छात्र सीधे पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। एसपी शम्भु कुमार सिंह के अनुसार, पहले चरण में पूरे जामताड़ा शहर को तीन मुख्य बीटों में बांटा गया है। प्रत्येक बीट की सीमा और जिम्मेदारी तय की गई है।

बीट नंबर 1 : कायस्थपाड़ा

बीट नंबर 1 के प्रभारी एसआई सुनील कुमार सिंह और सहायक बीट प्रभारी एएसआई धर्मेंद्र रजक हैं। इसके अंतर्गत टावर चौक, कायस्थपाड़ा, बाजार रोड, पुराना हटिया, हीरासार, महुलडंगाल, मालपाड़ा, रावड़ी, रक्षा काली मंदिर, जीतू डंगाल, कंबाइन बिल्डिंग, न्यू पांडेडी, पांडेडी, रेलवे स्टेशन, इंदिरा चौक, साइडिंग मोड़, दुमका रोड, सिमलबेरिया, धानरा, डीसी-एसपी आवास और समाहरणालय परिसर शामिल हैं।

बीट नंबर 2 : न्यू टाउन

बीट नंबर 2 के प्रभारी एसआई अभय कुमार और सहायक बीट प्रभारी एएसआई भूषण पंडित हैं। इस बीट में न्यू टाउन, सिनेमा हॉल, गांधी मैदान, आम बगान, सिद्धू-कान्हू चौक, सुभाष चौक, सरखेलडी और पाकड़ी क्षेत्र शामिल हैं।

बीट नंबर 3 : पालबगान

बीट नंबर 3 के प्रभारी एसआई लाल बाबू और सहायक बीट प्रभारी एएसआई प्रदीप कुमार सिंह हैं। इसके अंतर्गत नूर मोहल्ला, सुभाष चौक, फूल के आगे का भाग, पुराना और नया कोर्ट, बुधूडी, साहना, गायशांत, कोर्ट रोड, पुराना कॉलेज, प्रेमधाम, मिहिजाम रोड, तिलाबाद और चाकरी क्षेत्र शामिल हैं।

दुर्गापूजा के बाद मिहिजाम में शुरू होगा दूसरा चरण

बीट पुलिसिंग का दूसरा चरण दुर्गापूजा के बाद मिहिजाम थाना क्षेत्र में शुरू किया जाएगा। यहां बीट नंबर 4 और 5 के माध्यम से पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। नई व्यवस्था के लागू होने के बाद पुलिस की स्थानीय स्तर पर मौजूदगी बढ़ने और आम नागरिकों को सीधे पुलिस से संपर्क की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे अपराध नियंत्रण के साथ जनसुरक्षा और पुलिस-जन संवाद को भी मजबूती मिलेगी।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment