जमशेदपुर में चोरी-छिनतई गिरोह का भंडाफोड़, 33 मोबाइल और तीन वाहन बरामद

Rupa Kumari | August 21, 2026 | 12:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर में लगातार हो रही चोरी और छिनतई की घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो चोरी की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

MGM अस्पताल के पास से हुई गिरफ्तारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य MGM अस्पताल परिसर के आसपास किसी नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटी और चेन चोरी व छिनतई की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आकाश दत्ता और सावन देवगम का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छह मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का संबंध MGM और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में दर्ज छह आपराधिक मामलों से जुड़ा पाया गया है। MGM थाना में कांड संख्या 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तुरियाबेड़ा में महिला से सोने के लॉकेट लगी मोती की माला छीनने, MGM अस्पताल से मोबाइल चोरी, अस्पताल परिसर में पॉकेटमारी और पार्किंग से एक्टिवा स्कूटी चोरी जैसी घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है। इसके अलावा मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई बिना नंबर की यामाहा फैसिनो स्कूटी भी बरामद की गई है।

आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुआ सामान

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बागुनहातु इलाके से कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग सहित विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन और कीपैड फोन शामिल हैं। इसके अलावा एक सोने का लॉकेट, चांदी की माला में लगा सिटीगोल्ड मंगलसूत्र, तीन चांदी की चेन और एक कान का टॉप भी जब्त किया गया है। पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी और छिनतई की घटनाओं में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DX-1935) भी बरामद की है।

यह भी पढ़ें : रेलवे लाइन ब्लॉक से रांची रेल सेवा प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कुछ के बदले रूट

अन्य मामलों की जांच जारी

पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर शहर में हुई अन्य चोरी और छिनतई की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें