दिल्ली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

Rupa Kumari | August 21, 2026 | 04:26 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान बिहार के विकास और राज्यहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, केंद्रीय बजट से संबंधित विषयों, पर्यटन विकास और बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य की आवश्यकताओं और विकास योजनाओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा।

विकास और समन्वय पर रहा फोकस

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक को बिहार के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी और राज्य को इसका लाभ मिलेगा। बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और राज्यसभा सांसद संजय झा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं और संभावित सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की।

औपचारिक मुलाकात और फोटो सेशन

बैठक के दौरान औपचारिक फोटो सेशन भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ का आदान-प्रदान किया। बैठक से जुड़ी तस्वीरें बाद में सोशल मीडिया पर भी साझा की गईं।

यह भी पढ़ें : गढ़वा में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, शव पेड़ से लटकाया; 48 घंटे में तीन गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

बैठक के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्धि और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के साथ सकारात्मक संवाद जारी है और यह बैठक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के बीच सहयोग से बिहार में विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा राज्य के लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

Share this news

संबंधित खबरें