Samachar Post डेस्क, रांची : बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को दिल्ली में वकीलों ने प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिला है। प्रदर्शन को देखते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यालय के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारी वकील BCI के हालिया फैसलों और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं तथा संस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
NALSAR छात्रों के एनरोलमेंट विवाद से बढ़ा असंतोष
विवाद की शुरुआत उस आदेश के बाद हुई, जिसमें कथित तौर पर राज्य बार काउंसिलों से वर्ष 2026 बैच के NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के स्नातकों का अधिवक्ता के रूप में नामांकन नहीं करने को कहा गया था। हालांकि, BCI ने कुछ ही घंटों बाद अपना निर्णय वापस ले लिया था।इसके बावजूद इस पूरे प्रकरण ने बार काउंसिल की भूमिका, निर्णय प्रक्रिया और कानून के छात्रों के अधिकारों को लेकर बहस छेड़ दी है। प्रदर्शनकारी वकीलों का कहना है कि इस तरह के फैसलों से संस्थागत विश्वसनीयता प्रभावित होती है। BCI चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ उठ रही आवाजों को बॉम्बे बार एसोसिएशन का भी समर्थन मिला है। एसोसिएशन ने भी उनके इस्तीफे की मांग करते हुए बार काउंसिल में व्यापक सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया है।

वकीलों ने कहा- यह राजनीतिक नहीं, पेशे से जुड़ा आंदोलन
प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ताओं का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है, बल्कि वकील समुदाय की चिंताओं और मांगों को सामने रखने का प्रयास है। उनका कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य बार काउंसिल की कार्यप्रणाली में सुधार और अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता रमन शर्मा ने कहा कि वकील समुदाय अपने शीर्ष संगठन से अधिक जवाबदेही और पारदर्शिता की अपेक्षा रखता है। उन्होंने BCI नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिवक्ताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपेक्षित पहल नहीं की गई।
यह भी पढ़ें : मुंबई में डेंगू से झारखंड के युवक की मौत, छह माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
आज के प्रदर्शन पर टिकी नजरें
दिल्ली में जारी इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कानूनी जगत की नजरें BCI की आगामी प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। प्रदर्शनकारी वकील संगठनात्मक सुधार, पारदर्शिता और अधिवक्ताओं के हितों की बेहतर सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

