Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जमशेदपुर की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम उन्हें अपने साथ जमशेदपुर ले गई। जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना क्षेत्र में दर्ज एक NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) मामले में आरोपी का नाम हटाने और उसे राहत देने के बदले थाना प्रभारी ने 15 हजार रुपये की मांग की थी। बताया जा रहा है कि मामला अफीम तस्करी से जुड़ा था। आरोपी पक्ष ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत ACB से कर दी।
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए
शिकायत मिलने के बाद ACB ने पूरे मामले का गुप्त सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद ACB ने थाना प्रभारी को पकड़ने के लिए विशेष योजना तैयार की।

यह भी पढ़ें : झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, JPSC नियुक्तियां रद्द करने के सरकारी आदेश पर लगाई रोक
रुपये लेते ही दबोचा
गुरुवार को ACB की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद ACB अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी थाना प्रभारी को जमशेदपुर ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

