धनबाद की कोल वाशरी में बड़ा हादसा, वेल्डिंग मशीन विस्फोट से 3 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

Rupa Kumari | August 20, 2026 | 05:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को मेंटेनेंस कार्य के दौरान वेल्डिंग मशीन में हुए विस्फोट से तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद वाशरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, झुलसे मजदूरों में जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह 10 नंबर निवासी अमर महतो और सुदामडीह निवासी दिलीप यादव शामिल हैं। तीसरे घायल मजदूर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। तीनों मजदूर आउटसोर्सिंग एजेंसी आरके कंस्ट्रक्शन के माध्यम से कोल वाशरी में मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे।

काम के दौरान हुआ विस्फोट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेंटेनेंस कार्य के दौरान अचानक वेल्डिंग मशीन में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद निकली चिंगारियों और गर्म धातु के कणों की चपेट में आने से तीनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

दो मजदूरों को किया गया रेफर

हादसे के बाद दो घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान पाया कि उनके शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। वहीं तीसरे घायल मजदूर का इलाज किसी अन्य अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें : चाईबासा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते थाना प्रभारी गिरफ्तार

हादसे की जांच शुरू

घटना के बाद कोल वाशरी प्रबंधन और संबंधित एजेंसी की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती तौर पर विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें