बोकारो में सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकराई बाइक, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Rupa Kumari | August 19, 2026 | 02:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के धनबाद-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। काजुवन के पास सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाजुडीह निवासी विजय माहथा (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ड्यूटी जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, विजय माहथा मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से कांड्रा स्थित आरएनसी कंक्रीट फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए निकले थे। काजुवन के समीप सड़क किनारे खराब ट्रक (WB 37 J 5184) खड़ा था। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में 25 साल से जर्जर रेलवे मार्ग, बारिश में कीचड़ और गड्ढों ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें

पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त

पुलिस ने शव को बीजीएच की मर्चरी में रखवा दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। धनबाद-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों में इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। सड़क किनारे खराब वाहनों के खड़े रहने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें