Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीपल के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर NH-19 जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।
रिश्तेदार के घर से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के नावाटांड़ निवासी परिवार रविवार देर रात श्रीरामपुर से रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। इसी दौरान जोड़ापीपल के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में रोशन प्रवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके पति और दोनों बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने NH-19 जाम कर की कार्रवाई की मांग
महिला की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को जाम कर दिया और कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने कार चालक समेत तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के आश्वासन के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। ग्रामीणों के विरोध के कारण NH-19 पर करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। जाम हटने के बाद आवागमन सामान्य हुआ। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।






















