Samachar Post रिपोर्टर, रांची : धुर्वा थाना पुलिस ने चोरी की चार घटनाओं का खुलासा करते हुए चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सिगरेट, बीड़ी, बिस्कुट, नमकीन और 160 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने धुर्वा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई चार चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
दो गुमटियों का ताला तोड़कर की गई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, 8 और 9 अक्टूबर की रात धुर्वा गोलचक्कर के पास स्थित दो गुमटियों का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 268/26 के तहत 9 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर चार किशोरों को निरुद्ध किया। उनकी निशानदेही पर धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो पोखरटोली स्थित एक झाड़ी में छिपाकर रखे गए चोरी के सामान बरामद किए गए।
पूछताछ में तीन अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान किशोरों ने धुर्वा क्षेत्र में हुई तीन अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कुल चार मामलों का उद्भेदन किया। इनमें धुर्वा थाना कांड संख्या 268/26 (9 अक्टूबर 2026), 181/26 (27 जुलाई 2026), 183/26 (28 जुलाई 2026) और 224/26 (25 अगस्त 2026) शामिल हैं।
सिगरेट, नमकीन और 160 रुपये नकद बरामद
पुलिस ने किशोरों की निशानदेही पर अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट के 15 पैकेट, बीड़ी का एक पैकेट, बिस्कुट के तीन पैकेट और विभिन्न प्रकार के नमकीन व चिप्स बरामद किए। बरामद सामान में एडवांस सिगरेट के चार पैकेट, फ्लेक सिगरेट के छह पैकेट, गोल्ड फ्लेक सिगरेट के पांच पैकेट, अर्पण बीड़ी का एक पैकेट, हल्दीराम आलू भुजिया के 11 पैकेट, सेव भुजिया के नौ पैकेट, लोकल चिप्स के पांच पैकेट और पंजाबी तड़का के छह पीस शामिल हैं। इसके अलावा 160 रुपये नकद भी मिले हैं। धुर्वा थाना पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी है।



















