मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रांची के सभी 53 वार्डों में बनेंगे वेंडिंग जोन, नगर निगम ने 6 अंचलों से मांगी जमीन की रिपोर्ट

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। शहर के सभी 53 वार्डों में वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट विकसित करने के लिए सरकारी जमीन चिह्नित की जा रही है। इस संबंध में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने छह अंचलों के अंचल अधिकारियों को पत्र लिखकर सरकारी जमीन की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। नगर निगम का उद्देश्य फुटपाथ दुकानदारों को कारोबार के लिए निर्धारित जगह उपलब्ध कराना है, ताकि सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण कम हो और आवागमन सुचारु बना रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज की गई है।

हर वार्ड में व्यवस्थित होंगे फुटपाथ दुकानदार

नगर निगम की योजना के तहत रांची के प्रत्येक वार्ड में वेंडिंग जोन या वेंडर मार्केट विकसित करने की तैयारी है। यहां फुटपाथ दुकानदारों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे सड़क किनारे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दुकान लगाने के बजाय तय जगह पर कारोबार कर सकें। निगम को उम्मीद है कि इस पहल से दुकानदारों को रोजगार के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। साथ ही, सड़कों पर अतिक्रमण और दुकानों के कारण होने वाली यातायात संबंधी परेशानियों को कम करने में भी मदद मिलेगी।

जमीन की कमी के कारण कई वार्डों में अटका काम

नगर निगम के अनुसार, 53 वार्डों में वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। कुछ वार्डों में जमीन चिह्नित कर निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। हालांकि, कई वार्डों में उपयुक्त जमीन नहीं मिलने के कारण निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। इन्हीं वार्डों में वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए अब सरकारी जमीन की तलाश की जा रही है। संबंधित अंचलों से रिपोर्ट मिलने के बाद उपलब्ध जमीन का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छह अंचलों के सीओ से मांगी गई रिपोर्ट

वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट के लिए जमीन की उपलब्धता का पता लगाने के उद्देश्य से उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने शहर अंचल, बड़गाईं, कांके, हेहल, नामकुम और अरगोड़ा के अंचल अधिकारियों को पत्र भेजा है। इन अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध सरकारी जमीन की विस्तृत जानकारी देने को कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर उन वार्डों में उपयुक्त स्थल तलाशे जाएंगे, जहां अब तक वेंडिंग जोन या वेंडर मार्केट का निर्माण नहीं हो सका है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया था निर्देश

रांची के सुंदरीकरण और फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने के मुद्दे पर सितंबर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने शहर के सभी 53 वार्डों में फुटपाथ दुकानदारों के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री ने चिह्नित स्थानों पर वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट विकसित कर दुकानदारों को वहां व्यवस्थित करने पर जोर दिया था। इसी निर्देश के तहत नगर निगम ने जमीन की पहचान करने की प्रक्रिया तेज की है। अब अंचल अधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की योजना को गति देने की तैयारी है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment