मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

Dhanbad News: दुर्गापूजा से पहले सड़कों की मरम्मत में जुटा प्रशासन, DC-SSP ने किया निरीक्षण

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार देर शाम उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने केंदुआडीह, गया पुल, पम्पू तालाब, गोल बिल्डिंग और बलियापुर चौक समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों की स्थिति, जलनिकासी, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था का जायजा लिया गया।

तीन से पांच दिनों में प्रमुख सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अगले तीन से पांच दिनों में प्रमुख सड़कों को यथासंभव चलने लायक बनाने का निर्देश दिया। जिन सड़कों पर बिटुमिनस कार्य के जरिए मरम्मत संभव है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा करने को कहा गया है। जहां तत्काल स्थायी मरम्मत नहीं हो सकती, वहां अस्थायी सुधार किए जाएंगे। प्रशासन का जोर दुर्गापूजा से पहले बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर है। दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए भी सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगर निगम, सड़क निर्माण विभाग (RCD), अंचल प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया गया है।

वार्डों में लगेंगी अतिरिक्त लाइटें

दुर्गापूजा के दौरान पंडालों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए रोशनी की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपायुक्त के अनुसार, नगर निगम की ओर से वार्ड पार्षदों की अनुशंसा पर अलग-अलग स्थानों के लिए 15 से 20 अतिरिक्त लाइटें उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख सड़कों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

केंदुआडीह सड़क पर फिलहाल छोटे वाहन ही चलेंगे

निरीक्षण के दौरान केंदुआडीह सड़क की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। सड़क पर दरारें और संबंधित क्षेत्र में गैस रिसाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने का फैसला किया है। उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल सड़क पर बालू भराई समेत जरूरी अस्थायी कार्य कराए जा रहे हैं। दुर्गापूजा तक सड़क को अस्थायी रूप से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि स्थायी समाधान के लिए पूजा के बाद कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस सड़क पर केवल छोटे वाहनों को चलने की अनुमति होगी। डेंजर जोन में आने के कारण यहां लगातार निगरानी रखी जाएगी। करीब एक महीने तक स्थिति का आकलन करने के बाद ही आगे वाहनों के परिचालन को लेकर फैसला लिया जाएगा। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे अस्थायी व्यवस्था को ध्यान में रखकर ही इस मार्ग का इस्तेमाल करें। साथ ही क्षेत्र में ऐसा कोई निर्माण या गतिविधि नहीं करें, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़े।

यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने दुर्गापूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में सामने आई समस्याओं का जल्द समाधान करने और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment