Samachar Post रिपोर्टर, रांची : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को पुलिस ने अल्बर्ट एक्का चौक से मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आम लोगों में सुरक्षा की भावना कायम करना और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करना था।
ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी
दुर्गा पूजा के मद्देनजर शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर तैनात जवानों को सतर्क रहने और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। रांची के कोतवाली और हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
अफवाहों से बचने की पुलिस की अपील
रांची पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों या असामाजिक तत्वों के बारे में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील भी की है। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फ्लैग मार्च में सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, रांची के अनुमंडल पदाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक नगर और संबंधित थाना प्रभारी शामिल रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस जवान, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के जवान भी मौजूद थे।





















