Samachar Post रिपोर्टर, रांची : दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रांची पुलिस के अनुसार, 14 से 21 अक्टूबर तक शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत मेन रोड पर प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक छोटे वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही के लिए भी समय निर्धारित किया गया है। पूजा पंडालों के आसपास भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को निर्धारित रूट की जानकारी लेनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक यातायात ने विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

मेन रोड पर शाम 3:30 बजे से छोटे वाहनों की नो एंट्री
14 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक मेन रोड पर छोटे वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान कचहरी चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक होते हुए सुजाता चौक की ओर निजी कार, ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा न्यू मार्केट चौक से किशोरगंज चौक तक भी छोटे वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वाहन चालकों को इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रहेगी रोक
दुर्गा पूजा के दौरान शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को सुबह 3 बजे से 8 बजे के बीच शहर में प्रवेश की अनुमति होगी। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों समेत 17 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना है।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
यातायात प्रतिबंध के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
- कांके रोड से कचहरी चौक: वाहन जाकिर हुसैन पार्क और रेडियम रोड होकर जा सकेंगे।
- लालपुर से कोकर: इस मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
- हरमू रोड से कांटाटोली: छोटे वाहन अरगोड़ा चौक, कडरू, सुजाता चौक और मुंडा चौक होकर जा सकेंगे।
- बरियातू रोड और डंगराटोली: यहां से आने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
पूजा पंडालों में जाने के लिए यहां करें पार्किंग
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
- फिरायालाल से बकरी बाजार जाने वाले श्रद्धालु: जिला स्कूल और बालकृष्ण स्कूल परिसर में वाहन पार्क कर सकते हैं।
- डंगराटोली की ओर से आने वाले श्रद्धालु: मिशन चौक और संत जॉन स्कूल के सामने निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- स्टेशन रोड के पूजा पंडाल: रेलवे भर्ती बोर्ड से चुटिया थाना मोड़ तक रेलवे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा रामलखन यादव कॉलेज, न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड, बड़ा तालाब नदी ग्राउंड, साधु मैदान, नागाबाबा खटाल, जाकिर हुसैन पार्क, रांची विश्वविद्यालय और संत जेवियर कॉलेज परिसर में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रांची पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
रांची पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित रूट का इस्तेमाल करने, वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ से बचने के लिए श्रद्धालुओं को घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निर्धारित मार्ग और पार्किंग की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।



















