Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने जमशेदपुर में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक-2 में बाढ़ के पानी के बीच एक युवक के बह जाने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और उसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। लापता युवक की पहचान टीपू खान के रूप में हुई है।
घर में घुसे पानी के बीच हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, खरकई नदी का पानी शास्त्रीनगर इलाके में प्रवेश कर गया था। इसी दौरान टीपू खान अपने घर में रखा सामान निकालने और दरवाजा बंद करने के लिए अंदर गया था। बताया जा रहा है कि घर के आसपास तेज बहाव था और इसी दौरान वह पानी की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह बह गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही खरकई नदी
प्रशासन द्वारा जारी फ्लड अपडेट के अनुसार, खरकई नदी का जलस्तर 135.700 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 129 मीटर से लगभग 6.70 मीटर ऊपर है। वहीं स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 123.980 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 121.50 मीटर से करीब 2.43 मीटर अधिक है। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण निचले और तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

राहत कार्य को लेकर लोगों में नाराजगी
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से समय रहते पर्याप्त चेतावनी नहीं दी गई। लोगों का कहना है कि न तो माइकिंग के माध्यम से जलस्तर बढ़ने की सूचना दी गई और न ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राहत व्यवस्था पहुंची। हालांकि प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : परिसीमन के विरोध में 30 अगस्त को रांची में आदिवासी महाजुटान, बंधु तिर्की ने की एकजुट होने की अपील
मौके पर पहुंची NDRF और प्रशासनिक टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद NDRF की टीम को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मौके पर उपायुक्त राजीव रंजन, सिटी एसपी ललित मीणा और एसडीओ अर्णव मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और जलमग्न क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है और प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

