Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : धनबाद, जामताड़ा और दुमका को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित बजारा घाट पुल का एक पिलर बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे धंस गया, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई है। यह पुल जामताड़ा प्रखंड की सुखजोड़ा पंचायत के जुड़गुडीह गांव के पास स्थित है और बड़ी संख्या में वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं।
पिलर नंबर-4 में आई क्षति
सुखजोड़ा पंचायत के मुखिया जयसेफ हेम्ब्रम के अनुसार, पुल का पिलर नंबर-4 धंस गया है। यह मार्ग एनएच-419 के अंतर्गत आता है और पोखरिया के पास जाकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे से जुड़ता है। जामताड़ा से धनबाद और रांची की ओर जाने वाले अधिकांश चारपहिया वाहन इसी शॉर्टकट मार्ग का उपयोग करते हैं, इसलिए पुल की क्षति से यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।

अवैध बालू खनन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि नदी से लंबे समय से जारी अवैध बालू खनन पुल की नींव कमजोर होने का प्रमुख कारण है। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन नावों के जरिए बड़े पैमाने पर बालू निकाला जाता रहा है। लगातार खनन के कारण नदी तल में बदलाव आया और पुल के पिलरों की पकड़ कमजोर पड़ती गई, जिसके चलते एक पिलर धंस गया।
यह भी पढ़ें : करमटोली से रिंग रोड तक सड़क का होगा नवीनीकरण, 4.78 करोड़ रुपये की मंजूरी
प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई की भी मांग उठ रही है। पुल की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से जांच और आवश्यक कदम उठाए जाने का इंतजार किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

