Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में करमटोली चौक से मदरा मुंडा चौक होते हुए रिंग रोड तक जाने वाली सड़क की सूरत जल्द बदलने वाली है। पथ निर्माण विभाग ने इस महत्वपूर्ण मार्ग के 8.20 किलोमीटर लंबे हिस्से के सतह नवीनीकरण (सरफेस रिन्यूअल) कार्य को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 4 करोड़ 78 लाख 69 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग ने 14 अगस्त 2026 को इसकी प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।
खराब सड़क से लोगों को मिल सकेगी राहत
यह सड़क रांची शहर को रिंग रोड से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। लंबे समय से सड़क के कई हिस्सों की ऊपरी परत उखड़ चुकी थी और जगह-जगह गड्ढे बन गए थे, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की मरम्मत और नवीनीकरण के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरा होगा कार्य
सरकार ने इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। स्वीकृत राशि का उपयोग सड़क के संपूर्ण नवीनीकरण कार्य में किया जाएगा। परियोजना के लिए धनराशि की निकासी रांची कोषागार से होगी और इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी पथ प्रमंडल रांची के कार्यपालक अभियंता को सौंपी गई है।

हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा
परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने नियमित निगरानी की व्यवस्था की है। मुख्य अभियंता (यातायात), रांची को हर महीने कार्य की समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस योजना के लिए किसी अन्य स्रोत से राशि प्राप्त होती है तो उसकी दोबारा निकासी नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Foundation Day 2026 पर GOAL Group का अनावरण, शिक्षा से स्वास्थ्य और कौशल विकास तक विस्तार की घोषणा
विभागीय और वित्तीय मंजूरी पूरी
इस सड़क परियोजना को विभागीय स्तर पर स्वीकृति मिलने के साथ-साथ आंतरिक वित्तीय सलाहकार की भी सहमति प्राप्त हो चुकी है। हालांकि, स्वीकृत राशि में गुणवत्ता नियंत्रण (क्वालिटी कंट्रोल) के लिए अलग से कोई प्रावधान नहीं किया गया है। कार्य पूरा होने के बाद करमटोली, मदरा मुंडा चौक और रिंग रोड के बीच आवागमन करने वाले हजारों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

