Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह में बुधवार देर रात तेज आवाज में DJ बजाने की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। इस दौरान पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। घटना में ASI कृष्ण कुमार घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए MGM अस्पताल ले जाया गया।
DJ बंद कराने पहुंची थी पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार, डायल 112 पर बाबूडीह इलाके में तेज आवाज में DJ बजाने और डांस करने की शिकायत मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची और DJ बंद कराने को कहा। आरोप है कि इस दौरान कुछ युवक नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से उलझ गए और उनके साथ मारपीट की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया।
ASI का मोबाइल छीनने और राइफल छीनने की कोशिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, उपद्रव के दौरान ASI कृष्ण कुमार का मोबाइल फोन छीन लिया गया। वहीं पुलिस की राइफल छीनने का भी प्रयास किए जाने का आरोप है। पथराव में पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद पांच युवकों को हिरासत में लेकर सिदगोड़ा थाना लाया गया।
यह भी पढ़ें : BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग को लेकर वकीलों का प्रदर्शन, CJP ने दिया समर्थन

हिरासत में लिए युवकों के परिजन पहुंचे थाना
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ बस्तीवासी सिदगोड़ा थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हिरासत में लिए गए लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम पर हमला, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के आरोपों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

