Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार क्रेटा कार की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक दीपक कुमार की मौत हो गई। हादसा कुसई चौक के पास कुसई कॉलोनी में शराब दुकान के सामने हुआ। गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान टायर जलाकर आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की गई।
तेज रफ्तार क्रेटा ने सड़क किनारे खड़े युवक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे दीपक कुमार सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सफेद रंग की क्रेटा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार युवक के ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दीपक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
फुचका बेचकर परिवार का करता था भरण-पोषण
दीपक कुमार कुसई कॉलोनी का रहने वाला था और फुचका बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई रौशन कुमार ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में क्रेटा कार नंबर जेएच-01जीए-5607 के चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन, टायर भी जलाए
दीपक की मौत के बाद सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर घाघरा के पास सड़क जाम कर दिया। दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ प्रदर्शन शाम 4 बजे तक चला। प्रदर्शनकारी आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर भी विरोध जताया। सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर डोरंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।




















