Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : सदर थाना क्षेत्र में तीन नाबालिगों को कथित तौर पर बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट करने और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में पुलिस ने करीब 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्राथमिकी में POCSO एक्ट, IT एक्ट सहित अन्य धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग लड़की के घर से दो लड़कों को पकड़ने के बाद जुटी भीड़
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को कुछ ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की के घर से दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा था। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आरोप है कि भीड़ ने तीनों नाबालिगों को रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया और उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान घटना का वीडियो बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। पुलिस ने वीडियो प्रसारित किए जाने और नाबालिगों के साथ कथित मारपीट को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दो नाबालिग लड़कों के खिलाफ भी अलग FIR
मामले में नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर दोनों लड़कों के खिलाफ भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में जबरन घर में प्रवेश करने और दुष्कर्म के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। तीन नाबालिगों से मारपीट और वीडियो प्रसारित करने के मामले में कोडरमा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने वीडियो प्रसारित करने पर जताई आपत्ति
कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तीनों पीड़ित नाबालिग हैं। ऐसे में उनकी पहचान सार्वजनिक करना या उनसे संबंधित वीडियो प्रसारित करना गंभीर कानूनी मामला है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मामले में शामिल लोगों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।




















