Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया है। आरोप है कि करमा पूजा घूमने के बहाने छात्रा को बुलाकर एक युवक अपने घर ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान लोहरदगा निवासी बबलू के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी आरोपी से पहचान
पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले नाबालिग छात्रा की आरोपी युवक से सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि करमा पूजा घूमने की बात कहकर युवक ने छात्रा को अपने साथ चलने के लिए कहा। बाद में वह उसे अपने घर ले गया और वहां घटना को अंजाम दिया।
घर लौटने के बाद परिजनों को बताई बात
घटना के बाद छात्रा बुधवार को किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद बीआईटी मेसरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान आरोपी और पीड़िता के बीच हुई बातचीत तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है। नाबालिग की पहचान और उससे संबंधित संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


















