Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद-रेवाली गांव में करमा पर्व के बाद तालाब में डूबने से सत्येंद्र भुइयां की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि कुछ स्थानीय बच्चों ने सत्येंद्र को तालाब में डूबते हुए देखा था। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को घटना की सूचना दी। मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार ने भी प्रशासन को जानकारी देकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग की मांग की।
दो से तीन घंटे की तलाश के बाद मिला शव
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों ने तालाब में करीब दो से तीन घंटे तक खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद सत्येंद्र भुइयां का शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार ने बताया कि सत्येंद्र भुइयां आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। उन्होंने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
सरकारी प्रावधान के तहत मिलेगी सहायता
कटकमदाग के अंचल अधिकारी सत्येंद्र कुमार पासवान ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।





















