Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : चौपारण थाना क्षेत्र के अम्बातरी गांव में पुलिस ने अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 मोटरसाइकिल और करीब 285 लीटर महुआ शराब जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, शराब की तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही सभी छह बाइक चोरी की हैं। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही कथित शराब तस्कर बाइक छोड़कर नदी की ओर भाग निकले। पुलिस अब मामले में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है।
गुप्त सूचना पर अम्बातरी नदी क्षेत्र में छापेमारी
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 19 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि अम्बातरी गांव के रास्ते चोरी की मोटरसाइकिलों से अवैध महुआ शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर चौपारण थाना पुलिस की टीम गठित की गई। इसके बाद अम्बातरी नदी क्षेत्र के आसपास छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद कथित तस्कर मोटरसाइकिलें छोड़कर नदी की ओर फरार हो गए।
6 बाइक पर लदी थी करीब 285 लीटर महुआ शराब
तलाशी के दौरान पुलिस ने दो स्पलेंडर, दो होंडा साइन, एक ग्लैमर और एक TVS मोटरसाइकिल बरामद की। इन सभी वाहनों पर महुआ शराब लदी हुई थी। पुलिस ने कुल करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। जब्त वाहनों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में सभी छह मोटरसाइकिल चोरी की पाई गईं। मामले में चौपारण थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में पांच नामजद शराब तस्करों के अलावा छह मोटरसाइकिल मालिकों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
जब्त की गईं ये मोटरसाइकिलें
पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों में ग्लैमर (BR02AP-7939), स्पलेंडर (BR01HL-9692), होंडा साइन (BR02BF-8914), स्पलेंडर (BR02BC-6097), होंडा साइन (JH10BG-9168) और TVS (BR01EH-8248) शामिल हैं। छापेमारी दल में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सुबिन्द्र राम, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो और चौपारण थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
















