मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जमशेदपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद, पथराव-तोड़फोड़; चापड़ से हमला, 3 घायल

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। इस दौरान डीजे वाहन में तोड़फोड़ की गई और पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, काशीडीह लाइन नंबर-13 स्थित गणेश पूजा समिति की ओर से रविवार देर रात प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल युवक डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान लाइन नंबर-13 और लाइन नंबर-1 के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

15 युवकों के पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि शुरुआती विवाद के बाद एक युवक वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह लाइन नंबर-1 से करीब 10 से 15 युवकों के साथ वापस पहुंचा। आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे और अन्य हथियार थे। इसके बाद विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के साथ मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में पथराव हुआ और जुलूस में शामिल डीजे वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसी दौरान पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला किए जाने की सूचना है।

एक घायल को TMH किया गया रेफर

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान एक युवक की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है। अन्य घायल एमजीएम अस्पताल में भर्ती हैं।

काशीडीह में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने उपद्रव कर रहे युवकों को वहां से हटाया और क्षतिग्रस्त डीजे वाहन को जब्त कर थाने ले गई। सूचना मिलने पर सिटी डीएसपी संजीव कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एहतियात के तौर पर काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। सिटी डीएसपी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment