Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार में मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 25 सितंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की तस्वीर साफ हो सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से फिलहाल फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 25 सितंबर को दोपहर 3 बजे झारखंड मंत्रालय के प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में बैठक प्रस्तावित है। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले होने की संभावना है। बैठक का विस्तृत एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। यह बैठक दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद पहली कैबिनेट बैठक होगी। इसी वजह से मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा हो रही है।
सुदिव्य सोनू के विभाग फिलहाल CM के पास
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद उनके पास रहे उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा कला, संस्कृति, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आवंटित किए जा चुके हैं। इस संबंध में सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी की गई थी। इन विभागों के अलावा पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के पास रहे विभाग भी फिलहाल मुख्यमंत्री के जिम्मे बताए जा रहे हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल में खाली हुई जगहों और विभागों के पुनर्वितरण को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
श्वेता शर्मा के नाम की चर्चा, लेकिन पुष्टि नहीं
मंत्रिमंडल में एक संभावित नियुक्ति को लेकर सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा के नाम की चर्चा सामने आई है। हालांकि, अभी तक सरकार या झामुमो की ओर से उन्हें मंत्री बनाए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अन्य संभावित नामों को लेकर भी गठबंधन के भीतर चर्चा की खबरें हैं।
25 सितंबर के बाद स्पष्ट हो सकती है तस्वीर
फिलहाल मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर सामने आ रही जानकारी अटकलों और सूत्रों पर आधारित है। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री और गठबंधन नेतृत्व के स्तर पर होने की बात कही जा रही है। ऐसे में 25 सितंबर की कैबिनेट बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा कि मंत्रिमंडल में वास्तव में कोई बदलाव होता है या नहीं।




















