मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

एशियन गेम्स 2026: भारत के खाते में 6 मेडल, टॉप-10 में जगह; शूटिंग और हॉकी में शानदार प्रदर्शन

Samachar Post डेस्क, रांची : जापान के आइची-नगोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने अब तक 6 मेडल अपने नाम किए हैं और मेडल टैली में 10वें स्थान पर पहुंच गया है। इनमें चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत के छह में से पांच मेडल शूटिंग में आए हैं। सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन के शेंग लिहाओ ने इस स्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल किया। फाइनल में हिमांशु ने 252.4 अंक हासिल किए, जबकि रुद्रांक्ष के खाते में 230.9 अंक रहे। दोनों इससे पहले टीम स्पर्धा में भी भारत को सिल्वर दिलाने वाली टीम का हिस्सा थे।

शूटिंग में भारत का पांचवां मेडल

शूटिंग में भारत की पदक संख्या अब पांच हो गई है। हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल और पार्थ माने की टीम ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर जीता था। इसके अलावा महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भी भारत ने पदक हासिल किए हैं।

MMA में सुचिका तारियाल ने रचा इतिहास

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में सुचिका तारियाल ने महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के लिए इस खेल में पहला एशियन गेम्स पदक हासिल किया। सेमीफाइनल में उन्हें सिंगापुर की हुई हून टीओ से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। MMA को पहली बार एशियन गेम्स के कार्यक्रम में शामिल किया गया है, ऐसे में सुचिका का पदक भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल-बी के अपने दूसरे मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से शिकस्त दी थी। इंडोनेशिया के खिलाफ दीपिका, नवनीत कौर और रुतुजा दादासो पिसाल ने हैट्रिक लगाई। भारत के लिए इस मुकाबले में सात गोल पेनल्टी कॉर्नर और 10 गोल फील्ड प्ले से आए।

कबड्डी में भी भारत की जीत से शुरुआत

पुरुष कबड्डी में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मेजबान जापान को 49-24 से हराकर की। कप्तान सुनील कुमार की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पहले हाफ में 31-9 की बढ़त बनाई और अंत तक मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। भारत अब एशियन गेम्स में अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए अलग-अलग खेलों में अगले मुकाबलों की तैयारी कर रहा है।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment