Samachar Post डेस्क, रांची : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए जापान को 8 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए महिला क्रिकेट के चौथे क्वार्टरफाइनल में भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए जापान को महज 57 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने सिर्फ 5 ओवर में 59/2 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है।
श्रीचरणी की घातक गेंदबाजी, जापान 57 रन पर ढेर
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निस्शिन में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जापानी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 19.5 ओवर में 57 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से श्रीचरणी ने 4 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए 2 विकेट झटके। दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली। जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफोर्ड ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।

शेफाली वर्मा ने 15 गेंदों में जड़ा नाबाद 40
58 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में दो झटके लगे। भारत ने 24 रन तक दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद शेफाली वर्मा ने ऋचा घोष के साथ मिलकर पारी संभाली और तेजी से रन बनाए। शेफाली ने महज 15 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष 6 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 5 ओवर में 59 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगा भारत
जापान पर जीत के साथ भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब भारत का सामना 20 सितंबर को बांग्लादेश से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। भारत एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता है और इस बार भी टीम पदक की दौड़ में आगे बढ़ चुकी है।
















