Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। गुरुवार देर शाम सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है और इलाज जारी है।
हैदराबाद से इलाज कराकर दो दिन पहले लौटी थीं रांची
बताया जा रहा है कि रूपी सोरेन का हैदराबाद में इलाज चल रहा था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद उन्हें इलाज के लिए हैदराबाद लेकर गए थे। इलाज के बाद वह करीब दो दिन पहले ही रांची लौटी थीं। रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत सामान्य बताई जा रही थी। हालांकि, गुरुवार देर शाम अचानक उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल हिल व्यू अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
अस्पताल में रूपी सोरेन का इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। फिलहाल उनकी तबीयत को लेकर अस्पताल की ओर से विस्तृत मेडिकल बुलेटिन की जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

















