मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रांची के ऑर्किड अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, बिलिंग को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल में इलाज और बिलिंग व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मरीज की मौत रात करीब 2 बजे हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद सुबह करीब 5:30 बजे तक फार्मेसी की बिलिंग जारी रही। परिजनों ने इलाज के दौरान बड़ी संख्या में इंजेक्शन दिए जाने का भी दावा किया है। उनका सवाल है कि करीब दो घंटे के दौरान मरीज को 200 इंजेक्शन कैसे दिए गए। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता जांच रिपोर्ट और अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सिविल सर्जन ने भेजी जांच टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन ने तीन डॉक्टरों की टीम को ऑर्किड अस्पताल भेजा। टीम ने अस्पताल पहुंचकर मामले से जुड़ी जानकारी और उपलब्ध रिकॉर्ड के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी है। अब इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है।

परिजनों ने पुलिस पर FIR नहीं दर्ज करने का लगाया आरोप

मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी। हालांकि, उनका आरोप है कि थाना प्रभारी ने FIR दर्ज नहीं की और उन्हें शव ले जाने के लिए कहा गया। परिजनों के अनुसार, पुलिस की ओर से मामले की प्रक्रिया पूरी होने में करीब एक महीने का समय लगने की बात कही गई। इसके बाद परिवार के लोग विधायक इरफान अंसारी के आवास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की।

अस्पताल परिसर में परिजनों का हंगामा

परिजनों का कहना है कि वे लंबे समय से अस्पताल परिसर में मौजूद हैं। इसी दौरान परिवार की एक महिला सदस्य की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

फिलहाल पूरे मामले में सिविल सर्जन की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है। मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इलाज के दौरान कौन-कौन सी दवाएं और इंजेक्शन दिए गए तथा मौत के बाद बिलिंग क्यों जारी रहने का आरोप लगाया गया है इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड, बिलिंग दस्तावेज और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment