Samachar Post रिपोर्टर, रांची : दुर्गा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को नगर निगम सभागार में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में पूजा समितियों ने पंडालों के आसपास बिजली के तार-पोल, स्ट्रीट लाइट, सफाई, पेयजल, महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाएं, पार्किंग और श्रद्धालुओं के ठहरने जैसी व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए।
नालियों की सफाई और जलजमाव पर भी चर्चा
बारिश के मौसम को देखते हुए छोटी-बड़ी नालियों की सफाई और पूजा के दौरान जलजमाव की समस्या से निपटने पर भी विशेष चर्चा हुई। समितियों ने पंडालों और जुलूस वाले मार्गों के आसपास जल निकासी की व्यवस्था बेहतर रखने की मांग रखी। नगर निगम की ओर से पूजा के दौरान साफ-सफाई और आवश्यक नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सुरक्षा और आपात व्यवस्था को लेकर सुझाव
पूजा समितियों ने पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग की। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र बनाने और 24 घंटे आपातकालीन व्यवस्था जारी रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ।श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पंडालों के आसपास व्यवस्था सुचारू रखने और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता
मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि करमा पर्व के साथ त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है और दुर्गा पूजा को लेकर निगम ने पूजा समितियों के साथ बैठक की है। उन्होंने कहा कि पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मेयर के अनुसार, पूजा के दौरान आम लोगों की सुविधा और हित को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

















