Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : बरही थाना क्षेत्र के दुधपनिया गांव की रहने वाली मीरा देवी ने ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर कराकर उनके और उनके पति के बैंक खातों से तीन लाख रुपये निकाल लेने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने बरही थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीरा देवी के अनुसार, उनके पुत्र प्रदीप कुमार दास की 19 अप्रैल 2021 को मौत हो गई थी। इसके बाद सरकारी कल्याण विभाग से मिलने वाली सहायता राशि का लाभ दिलाने के सिलसिले में उनकी कुछ लोगों से संपर्क हुआ था।
सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर चेक लेने का आरोप
शिकायत में मीरा देवी ने राहुल अंबेडकर उर्फ रामू कुमार दास, लक्ष्मण राव उर्फ लक्ष्मण कुमार दास, कन्हैया रविदास, सुनील रविदास और भगवंत राम का नाम लिया है। उनका आरोप है कि राहुल अंबेडकर और लक्ष्मण राव ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने की बात कहकर उनसे और उनके पति से पांच ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर कराकर ले लिए। बाद में बैंक ऑफ इंडिया की करियातपुर शाखा में पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें खातों से चेक के जरिए कुल तीन लाख रुपये की निकासी की जानकारी मिली।
तीन अलग-अलग चेक से निकाली गई रकम
शिकायत के मुताबिक, चेक नंबर 71152 से कन्हैया कुमार ने एक लाख रुपये, चेक नंबर 71153 से भगवत राम ने एक लाख रुपये और चेक नंबर 71157 से सुनील रविदास ने एक लाख रुपये निकाले। मीरा देवी ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने रुपये की निकासी को लेकर संबंधित लोगों से पूछताछ की, तो उनके और उनके पति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। शिकायत में धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा राहुल अंबेडकर पर कोर्ट में दिए गए गवाह को बदलने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
राहुल अंबेडकर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मामले में राहुल अंबेडकर ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















