Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र के लूसीओ गांव में तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमेश हेमब्रम के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक जयराम महतो ने परिजनों से बातचीत के दौरान हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने प्रशासन से मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और पीड़ित परिवार को मिलने वाली सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की बात भी कही।
तालाब में डूबने से गई युवक की जान
बताया गया कि रमेश हेमब्रम तालाब में डूब गया था। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






















