- देवघर आने वाले कांवरियों और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बरहनी–देवघर, कानपुर–कोलकाता और आगरा कैंट–कोलकाता के बीच विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और विभिन्न मार्गों पर बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार देवघर, कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट को जोड़ने वाली विशेष ट्रेनों का परिचालन निर्धारित तिथियों में किया जाएगा। इससे झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बरहनी–देवघर श्रावणी मेला विशेष ट्रेन का संचालन
रेलवे की ओर से 05028 बरहनी–देवघर श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन का परिचालन 28 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन कुल 33 फेरे लगाएगी। ट्रेन बरहनी से दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 1:00 बजे देवघर पहुंचेगी।पूर्व रेलवे क्षेत्र में यह ट्रेन मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, बाराहाट और बांका स्टेशनों पर निर्धारित समयानुसार रुकेगी। वहीं वापसी में 05027 देवघर–बरहनी श्रावणी मेला विशेष ट्रेन 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी। यह ट्रेन देवघर से शाम 6:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:15 बजे बरहनी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में भी बांका, बाराहाट, भागलपुर, सुल्तानगंज और मुंगेर स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा।
कानपुर–कोलकाता के बीच चलेगी साप्ताहिक विशेष ट्रेन
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 04157/04158 कानपुर सेंट्रल–कोलकाता विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। 04157 कानपुर सेंट्रल–कोलकाता विशेष ट्रेन 21 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार संचालित होगी और कुल 13 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सुबह 8:00 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वहीं 04158 कोलकाता–कानपुर सेंट्रल विशेष ट्रेन 22 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे कोलकाता से प्रस्थान कर अगले दिन रात 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित कोच उपलब्ध रहेंगे।

आगरा कैंट–कोलकाता विशेष ट्रेन का भी होगा परिचालन
रेलवे ने 01911/01912 आगरा कैंट–कोलकाता विशेष ट्रेन के संचालन की भी घोषणा की है। 01911 आगरा कैंट–कोलकाता विशेष ट्रेन 23 जुलाई से 24 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार संचालित होगी और कुल 10 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सुबह 3:40 बजे आगरा कैंट से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 01912 कोलकाता–आगरा कैंट विशेष ट्रेन 24 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगी। यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे कोलकाता से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:00 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव भी नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और एसी कोच लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सरायकेला में वज्रपात का कहर, 9 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल
श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेगी राहत
श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों के संचालन से देवघर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही विभिन्न राज्यों के यात्रियों को भी भीड़भाड़ के बीच अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

