- डी.फार्मा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में दिया विशेष योगदान, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजकीय फार्मेसी संस्थान बरियातू में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की प्रभारी प्राचार्य डॉ. आशा रानी ने शिक्षक दिवस के महत्व और शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी भी शामिल हुए। प्रभारी प्राचार्य डॉ. आशा रानी ने कहा कि शिक्षक किसी भी विद्यार्थी के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। उनका काम केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और बेहतर सोच का विकास करना भी है।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में फर्जी सिम और गिफ्ट वाउचर से साइबर ठगी का खेल, दो आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि फार्मेसी जैसे स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के अनुभवों से सीख लेने और अपने भविष्य के लिए लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।
शिक्षकों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता श्रीमती विनीता प्रकाश समेत संस्थान के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में डी.फार्मा प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने विशेष योगदान दिया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम का आयोजन सफल रहा। शिक्षक दिवस के मौके पर संस्थान परिसर में उत्साह और सम्मान का माहौल रहा।

Reporter | Samachar Post


