जामताड़ा में फर्जी सिम और गिफ्ट वाउचर से साइबर ठगी का खेल, दो आरोपी गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : साइबर ठगी के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी सिम कार्ड के जरिए लोगों को ठगने और आधे दाम पर गिफ्ट वाउचर खरीदकर ऑनलाइन खरीदारी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साइबर डीएसपी अमित रविदास ने साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गिरोह के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें : शिक्षक दिवस पर पलामू के 43 शिक्षकों का सम्मान, DC ने शुरू किया ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल

शाहपुर और जियाजोड़ी के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय मुस्ताक अंसारी और मोहम्मद अमजद अंसारी के रूप में हुई है। मुस्ताक अंसारी शाहपुर गांव का रहने वाला है, जबकि मोहम्मद अमजद अंसारी जियाजोड़ी गांव का निवासी है। दोनों क्षेत्र मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा वे गिफ्ट वाउचर को कम कीमत पर खरीदकर ऑनलाइन खरीदारी में इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक फर्जी सिम कार्ड और गिफ्ट वाउचर कैसे पहुंचते थे और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की जांच शुरू

इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 56/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि फर्जी सिम और गिफ्ट वाउचर की खरीद-बिक्री का नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा था और इसका फैलाव किन क्षेत्रों तक है। पुलिस का कहना है कि पूरे साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें