हजारीबाग में मनचलों और अड्डाबाजों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 117 ठिकानों पर छापेमारी; 50 हिरासत में

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हजारीबाग पुलिस ने 4 और 5 सितंबर की रात जिले में मनचलों और अड्डाबाजों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की 49 टीमों ने 117 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। अभियान में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में करीब 194 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान 50 लोगों को थाना लाकर पूछताछ और चेतावनी दी गई।

यह भी पढ़ें : राजकीय फार्मेसी संस्थान बरियातू में मनाया गया शिक्षक दिवस, प्राचार्य ने गुरु की भूमिका और जिम्मेदारियों पर रखे विचार

49 टीमों ने 117 स्थानों पर की छापेमारी

पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 49 छापेमारी टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में करीब 194 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात तक चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जुटने वाले लोगों और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना था।

50 लोगों को थाना लाकर दी गई सख्त हिदायत

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50 मनचलों और अड्डाबाजों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। यहां उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई। इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को थाना बुलाया और पीआर बॉन्ड पर उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई को चेतावनी के तौर पर भी देखा जा रहा है, ताकि दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल न हों। हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी इलाके में कोई आपराधिक तत्व गिरफ्तारी के डर से फरार होकर घूम रहा है या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दी जाए। पुलिस का कहना है कि प्राप्त सूचना का सत्यापन करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मनचलों, अड्डाबाजों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

Share this news

संबंधित खबरें