Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती को नियमित और प्रभावी बनाने के लिए बड़कागांव पुलिस ने नई पहल शुरू की है। बीट पुलिसिंग के तहत थाना क्षेत्र के करीब 25 संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर ‘रक्षक ऐप’ के बारकोड लगाए गए हैं। अब गश्ती दल को इन स्थानों पर पहुंचकर बारकोड स्कैन करना होगा। इससे पुलिस अधिकारियों को गश्ती दल की लोकेशन और मौके पर पहुंचने का समय डिजिटल रूप से दर्ज हो सकेगा। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां बारकोड लगाए हैं। इनमें पेट्रोल पंप, बड़कागांव रेंज चौक समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। गश्ती दल इन स्थानों पर पहुंचकर बारकोड स्कैन करेगा।
यह भी पढ़ें : रांची के बिरसा मैदान में भव्य कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता, महिला टीमों ने भी दिखाया दम; विजेता को मिला 31 हजार का पुरस्कार
स्कैन होते ही दर्ज होगी पुलिस की मौजूदगी
बारकोड स्कैन होने के बाद संबंधित स्थान पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और गश्ती का समय दर्ज हो जाएगा। इससे पुलिस अधिकारियों को यह पता चल सकेगा कि गश्ती दल निर्धारित स्थान पर पहुंचा या नहीं। साथ ही यह भी निगरानी की जा सकेगी कि पुलिसकर्मी कब वहां पहुंचे और सत्यापन किया या नहीं।

गश्ती में लापरवाही की संभावना होगी कम
पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से संवेदनशील इलाकों में गश्ती की निगरानी मजबूत होगी और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी तय होगी। पेट्रोल पंप, चौक-चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित पुलिस की मौजूदगी से अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलने की उम्मीद है। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बीट पुलिसिंग के तहत थाना क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों तक पुलिस की नियमित पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। रक्षक ऐप से गश्ती व्यवस्था को जोड़ने से निगरानी और जवाबदेही दोनों मजबूत होंगी। पुलिस आने वाले दिनों में संवेदनशील स्थानों की दोबारा समीक्षा करेगी। आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों को भी बारकोड आधारित गश्ती व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है।

Reporter | Samachar Post


