ATM में मदद के बहाने बदला कार्ड, कुछ ही मिनटों में खाते से निकाले 45 हजार रुपये

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के कांके थाना क्षेत्र में एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ कार्ड बदलकर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद कुछ ही मिनटों में खाते से तीन बार में 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले में कांके थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है

यह भी पढ़ें :4.16 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में प्रमोद सिंह को राहत नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

5 हजार रुपये निकालने पहुंचा था पीड़ित

शिकायत के अनुसार, पीड़ित सुबह करीब 9:45 बजे पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में 5 हजार रुपये निकालने पहुंचा था। पैसे निकालने के बाद वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे दोबारा एटीएम के पास बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। पीड़ित को उस समय कार्ड बदले जाने की जानकारी नहीं हो सकी।

19 मिनट के भीतर तीन बार में 45 हजार रुपये निकाले

पीड़ित के अनुसार, कार्ड बदलने के बाद आरोपी ने अलग-अलग एटीएम से तीन बार में रकम निकाली। करीब 9:59 बजे पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद करीब 10 बजे दोबारा 20 हजार रुपये की निकासी हुई। वहीं, सुबह 10:18 बजे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से 5 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह पीड़ित के खाते से आरोपी ने कुल 45 हजार रुपये निकाल लिए। घटनाक्रम के दौरान एटीएम से कुल 50 हजार रुपये की निकासी हुई। हालांकि, इसमें शुरुआती 5 हजार रुपये पीड़ित ने स्वयं निकाले थे। इसके बाद कार्ड बदलने के आरोप के बाद खाते से निकाले गए 45 हजार रुपये को पीड़ित ने ठगी की रकम बताया है।

CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान की मांग

पीड़ित ने पुलिस से पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के संबंधित एटीएम की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। साथ ही एटीएम निकासी के रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित ने पुलिस से ठगी की रकम की बरामदगी और पूरे मामले की जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Share this news

संबंधित खबरें