श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सरायकेला में वज्रपात का कहर, 9 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल

Meenu | July 20, 2026 | 11:00 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला-खरसावां : जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़कुम पंचायत के नुआगुड़ा गांव में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। वज्रपात की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची और एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें : धनबाद में 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी हिरासत में

श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गांव में रोशनी सोरेन (9) की दिवंगत मां का श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे में रोशनी सोरेन और सोनू सरदार (32) की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, रोशनी सोरेन के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मां के श्राद्ध वाले दिन ही रोशनी की भी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि वह परिवार की एकमात्र वारिस थी। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। हादसे के बाद नुआगुड़ा समेत आसपास के गांवों में भी शोक और मातम का माहौल है।

Share this news

संबंधित खबरें