Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पिछले 10 दिनों में जिले में डेंगू के लक्षण वाले कई मरीज सामने आए हैं। इनमें दो मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, जिले के एक बड़े व्यवसायी की डेंगू से मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। मृतक का इलाज सरकारी अस्पताल में नहीं हुआ था। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आधार पर डेंगू से मौत की पुष्टि की है। एक अन्य मरीज में डेंगू के लक्षण पाए गए थे। इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें : रामगढ़ में 24 घंटे में मां और 2 बेटों की मौत, बीमारी की वजह अब तक साफ नहीं; गांव में दहशत
डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
जिले में डेंगू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। सिविल सर्जन ने कहा कि डेंगू से एक व्यक्ति की मौत दुखद है। उन्होंने बताया कि मृतक ने जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल जिले में डेंगू के एक-दो छिटपुट मामले सामने आए हैं और मरीजों का इलाज किया जा चुका है। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

घर के आसपास पानी जमा न होने दें
सिविल सर्जन ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह डेंगू का मौसम है, इसलिए घर और आसपास के इलाकों में पानी जमा नहीं होने देना जरूरी है। कूलर, गमले, टायर, टूटे बर्तन और अन्य ऐसे स्थानों पर पानी जमा न होने दें, जहां मच्छरों के पनपने की संभावना रहती है। आसपास साफ-सफाई बनाए रखना भी जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में डेंगू की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लें और स्वयं दवा लेने से बचें।

Reporter | Samachar Post


