Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पथराव भी किया। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) की दो गाड़ियां भी मौके पर लगाई गई हैं। डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : रामगढ़ में 24 घंटे में मां और 2 बेटों की मौत, बीमारी की वजह अब तक साफ नहीं; गांव में दहशत
बछिया की तलाश में जुगसलाई पहुंचे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर के रामदास भट्टा ग्वालाबस्ती से एक गाय की बछिया चोरी होने की बात सामने आई थी। मवेशी का मालिक उसकी तलाश करते हुए जुगसलाई पहुंचा। बताया गया कि बछिया को ईदगाह मैदान के पास लाया गया है। इसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचे और मामले की जानकारी लेने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आसपास के इलाकों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे।
गद्दी मोहल्ला और ग्वालाबस्ती से भी जुटी भीड़
विवाद की सूचना फैलने के बाद जुगसलाई के गद्दी मोहल्ला और ग्वालाबस्ती से भी बड़ी संख्या में लोग ईदगाह मैदान की ओर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के साथ स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख क्यूआरटी की दो गाड़ियां और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस के पहुंचने के बावजूद मौके पर भीड़ जुटती रही। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हुई तो चार राउंड हवाई फायरिंग की गई।

मौके से कारतूस के खोखे बरामद
घटना के बाद ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई। क्यूआरटी की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। इलाके में पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च भी किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
उपद्रव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब विवाद और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। पहचान के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि जुगसलाई में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट के बाद स्थिति बिगड़ी थी। इस दौरान पुलिस पर भी हमला किया गया, जिसके बाद पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। एसएसपी ने कहा कि उपद्रव करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है।

Reporter | Samachar Post


