Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : कोडरमा सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी कालीमंडा के पास कच्चे तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से तेल बहने लगा। तेल को सड़क पर बहता देखकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, ड्रम समेत दूसरे बर्तनों में तेल भरकर ले जाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वहां से हटाया। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कर सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जानकारी के अनुसार, टैंकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहा था। मेघातरी कालीमंडा के पास विपरीत दिशा से एक बोलेरो आ रही थी। बताया गया कि बोलेरो को बचाने के प्रयास में टैंकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोट आई है।
यह भी पढ़ें : CGL पेपर लीक केस: पैसे देकर परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों पर शिकंजा, SIT को मास्टरमाइंड की तलाश
तेल बहते ही बाल्टी-ड्रम लेकर पहुंची भीड़
टैंकर के पलटने के बाद उसमें लदा कच्चा तेल सड़क पर फैलने लगा। कुछ ही देर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। ग्रामीण बाल्टी, ड्रम और अन्य बर्तन लेकर तेल भरने लगे। काफी देर तक मौके पर भीड़ जमा रही। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और लोगों को वहां से हटाया। इस दौरान काफी मात्रा में कच्चा तेल सड़क पर भी बह गया। ग्रामीणों द्वारा भी बड़ी मात्रा में तेल ले जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, क्रेन से हटाया गया टैंकर
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को टैंकर के आसपास से हटाया। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा करने और सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि यातायात सामान्य हो सके।
कच्चा तेल सीधे इस्तेमाल करना हो सकता है खतरनाक
बताया गया कि टैंकर में सोयाबीन तेल तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल लदा था। यह तेल रिफाइनिंग और जरूरी प्रसंस्करण से पहले की अवस्था में था। ऐसे कच्चे तेल को बिना जरूरी प्रक्रिया, जांच और रिफाइनिंग के सीधे खाने के लिए इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं माना जाता। इसलिए हादसे के बाद बहकर या लोगों द्वारा ले जाए गए इस कच्चे तेल का खाद्य तेल की तरह सीधे इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

Reporter | Samachar Post


