Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड पुलिस एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी की विशेष बैठक रविवार, 6 सितंबर को रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में होगी। बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बैठक में राज्यभर के पुलिसकर्मियों से जुड़े विभागीय मुद्दों के साथ एसोसिएशन की आंतरिक कार्यप्रणाली और शाखाओं की वित्तीय स्थिति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा विशेष आमंत्रित सदस्य, क्षेत्रीय एवं प्रमंडलीय मंत्री तथा राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : रंजय सिंह हत्याकांड में 9 साल बाद फैसला आज, MP-MLA कोर्ट सुनाएगी निर्णय; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पदाधिकारियों को विभागीय अनुमति लेने का निर्देश
एसोसिएशन ने सभी शाखाओं, इकाइयों और वाहिनियों के अध्यक्ष एवं सचिव को अपने क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। इसके लिए संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति लेने का भी निर्देश दिया गया है। बैठक में एसोसिएशन की विभिन्न शाखाओं के आय-व्यय की स्थिति की भी समीक्षा होगी। सभी शाखा पदाधिकारियों को केंद्रीय कोषाध्यक्ष से संपर्क कर अपनी शाखा के आय-व्यय का ब्योरा अपडेट कराने को कहा गया है।

पुलिसकर्मियों से जुड़े विभागीय मुद्दों पर होगी चर्चा
विशेष बैठक में राज्य के पुलिसकर्मियों से जुड़े विभिन्न विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। केंद्रीय कार्यकारिणी इन मुद्दों की समीक्षा के साथ आगे की कार्रवाई और एसोसिएशन की भूमिका पर भी विचार कर सकती है। एसोसिएशन की यह विशेष बैठक रविवार सुबह 10:30 बजे रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित होगी। इसमें राज्यभर से पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है।

Reporter | Samachar Post


