Samachar Post रिपोर्टर, रांची : शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने राज्य के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार हर स्तर पर मौजूद कमियों को दूर करने और जरूरी सुधार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समय के साथ शिक्षा के तौर-तरीके भी बदल रहे हैं और नई तकनीक को शिक्षा से जोड़ना जरूरी है।
यह भी पढ़ें : झारखंड पुलिस एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक कल, शाखाओं के आय-व्यय और विभागीय मुद्दों पर होगी चर्चा
AI से शिक्षण प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर
हेमंत सोरेन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक शिक्षण प्रक्रिया को अधिक आसान और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके जरिए विद्यार्थियों की जरूरत और क्षमता के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने के नए अवसर तैयार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाया जा सकता है।

आधुनिक शिक्षा के साथ मूल्यों से जुड़ाव जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। हालांकि, इसके साथ नई पीढ़ी का अपनी संस्कृति, मूल्यों और जड़ों से जुड़ा रहना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और मूल्यों के निर्माण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
शिक्षकों को बताया शिक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर राज्य के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को आकार देने में अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक बार फिर शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए जोहार कहा।

Reporter | Samachar Post


